Visitors have accessed this post 50 times.

सासनी : 13 अप्रैल 2026 — नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) के स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर नीमा हाथरस इकाई द्वारा सासनी विद्यापीठ इंटर कॉलेज में एक नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर की अध्यक्षता वरिष्ठ महिला चिकित्सक डॉ. ज्ञानमणी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय की छात्राओं ने नीमा के चिकित्सकों का तिलक लगाकर स्वागत किया। शिविर के दौरान लगभग 120 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें नि:शुल्क औषधि वितरण किया गया। नीमा के सचिव डॉ. लोकेश शर्मा ने बताया कि संस्था की स्थापना 13 अप्रैल 1948 को हुई थी और वर्तमान में पूरे भारत में इसकी लगभग 1300 शाखाएं सक्रिय रूप से जनहित में कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि नीमा आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सकों का एक समर्पित संगठन है। जिलाध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र कुमार ने कहा कि आईएसएम चिकित्सकों की हर समस्या के समाधान के लिए नीमा सदैव तत्पर है। वहीं उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र उपाध्याय ने लोगों को मोटे अनाज के सेवन के लिए प्रेरित करते हुए उसके स्वास्थ्य लाभ बताए।डॉ. अखलेश कुमार एवं डॉ. मनेन्द्र त्रिगुनायत ने बच्चों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया। महिला चिकित्सकों डॉ. नीतू सिंह और डॉ. अलका सेंगर ने कॉलेज की महिला अध्यापिकाओं एवं छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। कार्यक्रम के अंत में कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. राजीव अग्रवाल ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन अशोक कुमार द्वारा किया गया। शिविर में उपस्थित सभी विद्यार्थियों को फल, बिस्किट एवं चिप्स वितरित किए गए। इस अवसर पर डॉ. वीरेंद्र कुमार, डॉ. लोकेश शर्मा, डॉ. धर्मेंद्र उपाध्याय, डॉ. अखलेश कुमार, डॉ. मनेन्द्र त्रिगुनायत, डॉ. ज्ञानमणी, डॉ. नीतू सिंह, डॉ. अलका सेंगर, वैद्य पुनीत अग्निहोत्री, डॉ. अंशुल उपाध्याय, पुनीत त्रिवेदी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ किया गया।

INPUT – DEV PRAKASH