
Visitors have accessed this post 17 times.
हाथरस। मिशन शक्ति फेज-5 अभियान के अंतर्गत महिला थाना हाथरस में प्राप्त एक पारिवारिक विवाद से संबंधित शिकायत का समाधान काउंसलिंग के माध्यम से कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवानी पुत्री किशनपाल, निवासी सासनी थाना सासनी जिला हाथरस द्वारा दिनांक 10/02/2026 को अपने पति हर्षित निवासी अलीगढ़ थाना महुआ खेड़ा जिला अलीगढ़ के विरुद्ध महिला थाना हाथरस में लिखित शिकायती प्रार्थना पत्र दिया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनके पति एवं ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा उनके साथ मारपीट, गाली-गलौज तथा अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मिशन शक्ति फेज-5 के तहत दोनों पक्षों को थाना हाजा पर बुलाया गया, जहां पुलिस द्वारा काउंसलिंग कराई गई। काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों से वार्ता की गई, जिसमें पति एवं ससुराल पक्ष द्वारा आश्वासन दिया गया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की मारपीट या अभद्र व्यवहार नहीं किया जाएगा।
काउंसलिंग प्रक्रिया के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से विवाद समाप्त करने की बात कही तथा किसी प्रकार की पुलिस कार्रवाई की अपेक्षा नहीं जताई।
पुलिस द्वारा बताया गया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं से जुड़े मामलों में प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई कर काउंसलिंग के माध्यम से समाधान कराने का प्रयास किया जाता है, जिससे पारिवारिक विवाद आपसी समझ के साथ सुलझ सकें।








