Visitors have accessed this post 42 times.

हाथरस के सिकंद्राराऊ उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) द्वारा घोषित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के परिणामों में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सिकंद्राराऊ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नया इतिहास रच दिया। विद्यालय के कुल 7 मेधावी विद्यार्थियों ने जिला हाथरस की टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर संस्था, परिवार और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। हाईस्कूल परीक्षा 2026 में भाग्यलक्ष्मी ने 560 अंक प्राप्त कर 93.33 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में चौथा स्थान हासिल किया। वहीं शिवांश ने 557 अंक लेकर छठा स्थान तथा बर्तिका ने 556 अंक प्राप्त कर सातवां स्थान प्राप्त किया। इन विद्यार्थियों की सफलता ने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को एक बार फिर साबित कर दिया। इंटरमीडिएट परीक्षा में भी विद्यालय के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। नितिन कुमार ने 444 अंक प्राप्त कर जिले में पांचवां स्थान हासिल किया। साक्षी यादव ने 442 अंकों के साथ छठा स्थान, नितिन ने 441 अंकों के साथ सातवां स्थान और रमन ने 437 अंकों के साथ दसवां स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। विद्यालय के प्रबंधक श्री विनोद गुप्ता ने कहा कि यह सफलता केवल परीक्षा परिणाम नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति आधारित शिक्षा का परिणाम है। अध्यक्ष डॉ. विष्णु सक्सेना ने भाग्यलक्ष्मी की उपलब्धि को बालिका शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर बताया।

प्रधानाचार्य श्री अनिल कुमार सिंह चौहान ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि एक साथ हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में 7 विद्यार्थियों का जिला टॉप-10 में आना संस्था की गौरवशाली शैक्षणिक परंपरा का प्रमाण है। विद्यालय प्रबंधन समिति ने घोषणा की है कि सभी मेधावी विद्यार्थियों को जल्द ही विद्यालय परिसर में आयोजित विशेष सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा। इस उपलब्धि से पूरे सिकंद्राराऊ क्षेत्र में खुशी और उत्सव का माहौल है।

INPUT – NEERAJ GUPTA