Visitors have accessed this post 13 times.

हाथरस। जिलाधिकारी महोदय के निर्देश पर जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय रणधीर सिंह और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में जिलेभर में छापेमार कार्रवाई कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
कार्रवाई के दौरान साहा एजेंसीज, आगरा रोड हाथरस से एप्पी फिज और फ्रूटी, श्री जी इंटरप्राइजेज, जलेसर रोड से माजा और कोकाकोला, अवधेश कोल्ड ड्रिंक एजेंसी से कैंपा कोला और ड्यू, मुरसान रोड सादाबाद स्थित विशाल वार्ष्णेय की एजेंसी से थम्स अप और बेव ऑरेंज, तथा दीपक कोल्ड ड्रिंक, मधुगढ़ी से स्प्राइट और लिम्का के सर्वे नमूने जांच के लिए लिए गए।
इसके अलावा सादाबाद तहसील क्षेत्र में विकास प्रोविजन स्टोर, निरंजन बाजार से साबुत हल्दी और रहपुरा स्थित यशपाल डेरी से दूध का नमूना जांच हेतु लिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स (FSW) के माध्यम से जलेसर रोड सादाबाद, इगलास रोड और मधुगढ़ी में विभिन्न खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच की गई और व्यापारियों व आमजन को रिपोर्ट से अवगत कराया गया।
इस अभियान के दौरान कुल 55 व्यापारियों और आम जनता को IEC कार्यक्रम के तहत खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। विभाग ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं होमगार्ड परीक्षा को ध्यान में रखते हुए बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और परीक्षा केंद्रों के आसपास खाद्य दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने और रेट सूची प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।
इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी यदुवीर सिंह, डॉ. विकास, ओंकार कुशवाहा, सुरेंद्र कुमार गोंड, पारुल सिंह और करतार सिंह शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण और नमूना लेने की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।