Visitors have accessed this post 18 times.

हाथरस जनपद में चिंतापुर बदन से जलेसर जाने वाली सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर क्षेत्रीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। खराब सड़क के चलते किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। स्थानीय लोगों के अनुसार बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित होता है।
इस मामले को लेकर राष्ट्रवादी प्रताप सेना के युवा प्रदेश अध्यक्ष नितिन सिंह ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यदि जल्द सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने शासन और प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि खराब सड़क के कारण रोजाना लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है, लेकिन प्रशासन इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहा है।