Visitors have accessed this post 301 times.

हाथरस जनपद के कस्बा मुरसान से कछला गंगा घाट स्नान करने गए तीन दोस्तों में से एक युवक की गंगा में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि साथ गए दोनों दोस्तों की हालत भी बिगड़ गई। जानकारी के अनुसार कस्बा मुरसान के मोहल्ला धोबियान निवासी रोहित पुत्र ननकेश अपने दोस्तों ऋतिक पुत्र भगवान सिंह और मोनू पुत्र ओमप्रकाश के साथ मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे ट्रेन से कछला गंगा घाट स्नान करने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि तीनों दोस्त गंगा में स्नान कर रहे थे, तभी रोहित गहरे पानी और भंवर में फंस गया। उसने बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सका और डूब गया। दोस्तों के शोर मचाने पर मौके पर मौजूद गोताखोर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद रोहित को बाहर निकाला गया। उसे तत्काल बदायूं जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दोस्त की मौत की खबर सुनते ही ऋतिक और मोनू बेहोश होकर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही रोहित के परिजन कछला गंगा घाट के लिए रवाना हो गए। रोहित तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था और बीए की पढ़ाई कर रहा था। युवक की मौत से मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग परिवार के घर पहुंचकर सांत्वना दे रहे हैं।

INPUT – VIRENDRA SHARMA