Visitors have accessed this post 112 times.

हाथरस : ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए जन स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार सक्रिय रूप से निरीक्षण अभियान चला रहा है। शासन के आदेश एवं जिलाधिकारी महोदय के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय रणधीर सिंह तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान सिकंदराबाद तहसील क्षेत्र के पंत चौराहे पर स्थित ममता मस्तानी आइसक्रीम का निरीक्षण किया गया, जहां से कुल्फी का नमूना लेकर प्रयोगशाला जांच हेतु भेजा गया। इसी क्रम में जीटी रोड भूतेश्वर कॉलोनी के निकट स्थित न्यू देहली जूस एंड शेक्स का भी निरीक्षण किया गया। यहां संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त कासगंज रोड स्थित भोलेनाथ आइसक्रीम पर भी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पहुंचकर कुल्फी का नमूना एकत्र किया और उसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। विभाग का यह अभियान आमजन को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार जारी रहेगा। निरीक्षण अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र कुमार गोंड, ओमकार कुशवाहा और करतार सिंह भी उपस्थित रहे।

INPUT – RAHUL SHARMA