Visitors have accessed this post 31 times.
हाथरस : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हाथरस स्थित आकाश इंस्टीट्यूट द्वारा एक विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नवग्रह मंदिर के सामने स्थित अंबेडकर उद्यान में संपन्न हुआ, जहां संस्थान के पदाधिकारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व पालिकाध्यक्ष पंडित आशीष शर्मा रहे। उन्होंने पौधा लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और उपस्थित लोगों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। पेड़-पौधे न केवल पर्यावरण को शुद्ध करते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य भी सुनिश्चित करते हैं। इस अवसर पर अंबेडकर उद्यान में नीम, पीपल, तुलसी सहित कई छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया।

आकाश इंस्टीट्यूट के पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि संस्थान शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक और पर्यावरणीय गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाता रहा है और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। कार्यक्रम में शैक्षणिक प्रमुख अजय यादव, एडमिन शुभम बिसारिया, भौतिक विज्ञान अध्यापक दीपेश कौशिक सहित संस्थान के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया।

INPUT – RAHUL SHARMA











