Visitors have accessed this post 17 times.
सिकंदराराऊ : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एसबीएस हायर सेकेंडरी स्कूल, रुदायन गोपी में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विद्यालय परिसर को अधिक हरा-भरा बनाना था। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक मुनेश चतुर्वेदी गुरुजी ने पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। एक छोटा सा पौधा भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर शुद्ध वायु, छाया और पर्यावरणीय संतुलन प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे पृथ्वी पर जीवन के सबसे बड़े आधार हैं और धरती की सुंदरता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय के डायरेक्टर मित्रेश चतुर्वेदी ने कहा कि वृक्ष कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, जिससे वायु प्रदूषण कम होता है और वातावरण स्वच्छ बना रहता है। उन्होंने कहा कि बढ़ती वनों की कटाई और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनका संरक्षण करना समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का भी निर्णय लिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य विनय चतुर्वेदी, रुकम पाल सिंह, अनंतदेव चतुर्वेदी, विक्रम सिंह, बंटी यादव, ऋषिपाल सिंह, प्रशांत कुमार, ऋषभ शर्मा, अश्वनी कुमार, याशिका चतुर्वेदी, राधा, मंजू गुप्ता, सृष्टि शर्मा, हेमा पाराशर, ज्योति, बृजेश कुमारी, करिश्मा, कमलेश, ज्योति उपाध्याय, नेहा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
INPUT – NEERAJ GUPTA











