Visitors have accessed this post 28 times.

हाथरस जनपद : आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. वेद प्रकाश ने रविवार को विभिन्न प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, दवा उपलब्धता, साफ-सफाई तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की गहन समीक्षा की। सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बिसावर, बिलारा, ऊंचागांव तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुरसंडा का निरीक्षण किया। पीएचसी बिसावर में प्रसव कक्ष का वार्मर खराब मिलने पर उसे तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्टाफ नर्स को गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की स्क्रीनिंग बढ़ाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान पीएचसी बिलारा, पीएचसी ऊंचागांव और सीएचसी कुरसंडा में आवश्यक दवाओं की कमी पाई गई। इस पर सीएमओ ने संबंधित अधिकारियों को ड्रग वेयरहाउस से शीघ्र दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए मरीजों के लिए ओआरएस युक्त पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने पर भी जोर दिया। सीएचसी कुरसंडा को पूर्ण रूप से क्रियाशील बनाने तथा आवश्यक स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती के संबंध में भी निरीक्षण किया गया। वहीं पीएचसी ऊंचागांव में वार्ड बॉय जितेंद्र कुमार अनुपस्थित पाए गए, जिसके संबंध में चिकित्सा अधीक्षक को स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। सीएमओ डॉ. वेद प्रकाश ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, साफ-सफाई बनाए रखने और शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।

INPUT – RAHUL SHARMA