Visitors have accessed this post 40 times.

सिकंद्राराऊ क्षेत्र के गांव बंजारे नगला दौलतपुर के निकट बुधवार दोपहर एक अज्ञात युवती का शव बंबे में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब 1 बजे गांव के कुछ बच्चे बंबे में नहा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में बहते हुए एक युवती के शव पर पड़ी। बच्चों द्वारा जानकारी दिए जाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना अगसोली चौकी पुलिस, कोतवाली सिकंद्राराऊ पुलिस तथा डायल 112 को दी। सूचना मिलने पर कोतवाल शिवकुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बंबे से शव को बाहर निकलवाया। पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 22 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसने पीले रंग का सूट-सलवार पहन रखा था। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवती की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही युवती की पहचान और मृत्यु के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदगी की रिपोर्टों का भी मिलान कर रही है।फिलहाल युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

INPUT – NEERAJ GUPTA