Visitors have accessed this post 139 times.
मुरसान : कोतवाली के निकट स्थित एक मकान में हुई लाखों रुपये की नगदी और जेवरात चोरी के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटना के बाद फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस तकनीकी जांच के साथ-साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार, मुरसान थाने के पीछे रहने वाले संजय चौहान 22 जून की सुबह करीब 10 बजे अपने घर में ताला लगाकर निजी कार्य से बाहर गए थे। देर रात करीब 11 बजे जब वह वापस लौटे तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला। जांच करने पर पता चला कि घर में रखी गोदरेज अलमारियों के ताले टूटे हुए थे और उनमें रखी लाखों रुपये की नकदी तथा सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी हो चुके थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। बुधवार शाम फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर संभावित फिंगरप्रिंट और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। वहीं डॉग स्क्वॉड की सहायता से चोरों के आने-जाने के रास्तों का पता लगाने का प्रयास किया गया। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रही है। कोतवाली के निकट हुई इस चोरी की वारदात के बाद स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि जब थाना क्षेत्र के बिल्कुल पास चोरी की घटना हो सकती है तो सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है।

INPUT – VIRENDRA SHARMA











