Visitors have accessed this post 118 times.
हाथरस, 28 जून। वर्ष 2019 में नक्सली मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए जनपद हाथरस के वीर सपूत एवं सीआरपीएफ के उपनिरीक्षक मदन पाल सिंह की पुण्यतिथि पर रविवार को उनके पैतृक आवास तमना गढ़ी में श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
महानिदेशक कार्यालय, सीआरपीएफ के निर्देशानुसार निरीक्षक ओमवीर ने शहीद के परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा किसी भी प्रकार की समस्या की जानकारी ली। इस दौरान वीरांगना श्रीमती स्नेहलता देवी, पुत्र राहुल एवं मनीष, पुत्रियां पिंकी एवं निशा, सहित उमेश, विशाल, बाबूलाल, नन्नूमल और अन्य लोग उपस्थित रहे। 
गौरतलब है कि उपनिरीक्षक मदन पाल सिंह 28 जून 2019 को बीजापुर (छत्तीसगढ़) में नक्सलियों के साथ हुई भीषण मुठभेड़ में वीरगति को प्राप्त हुए थे। मुठभेड़ के दौरान उन्हें चार गोलियां लगीं, लेकिन गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने अदम्य साहस का परिचय देते हुए एक नक्सली को मार गिराया। बाद में उपचार के दौरान उन्होंने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। अपने सेवाकाल में उन्होंने कई बार आतंकवादियों और नक्सलियों के खिलाफ अभियानों में भी बहादुरी का परिचय दिया था। 
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने शहीद मदन पाल सिंह के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनका साहस और देशभक्ति सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
इनपुट : राहुल शर्मा









