Visitors have accessed this post 145 times.

हाथरस। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वेद प्रकाश के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सिकंदराराऊ स्थित श्री कृष्णा हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के संबंध में महत्वपूर्ण अनियमितताएं सामने आने के बाद विभाग ने अस्पताल को सील करने की कार्रवाई की।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मधुर कुमार एवं उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एम.आई. आलम ने संयुक्त रूप से अस्पताल का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि संबंधित प्रतिष्ठान मुख्य चिकित्साधिकारी, हाथरस के अधीन पंजीकृत नहीं है, जबकि वहां चिकित्सकीय सेवाएं संचालित की जा रही थीं।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि बिना वैध पंजीकरण के चिकित्सा सेवाओं का संचालन मरीजों की सुरक्षा के लिए जोखिमपूर्ण हो सकता है। इसी आधार पर विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए श्री कृष्णा हॉस्पिटल, सिकंदराराऊ को सील कर दिया।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि उपचार के लिए केवल विधिवत पंजीकृत एवं अधिकृत अस्पतालों और चिकित्सकीय संस्थानों का ही चयन करें, ताकि सुरक्षित एवं मानक चिकित्सा सेवाएं प्राप्त हो सकें। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि जनहित में ऐसे निरीक्षण और नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

इनपुट : राहुल शर्मा