Visitors have accessed this post 35 times.

हाथरस जनपद के हसायन क्षेत्र स्थित रति का नगला रेलवे समपार संख्या 288 पर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) अथवा लिमिटेड हाइट सबवे (LHS) के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू हुई है। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने इस रेलवे फाटक पर ROB/LHS निर्माण की व्यवहार्यता (Feasibility) का सर्वे कराने का निर्णय लिया है। मंडल रेल प्रबंधक, इज्जतनगर द्वारा जारी पत्र के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता पुष्पेन्द्र वीर प्रताप सिंह द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दे पर संज्ञान लेते हुए रेलवे प्रशासन ने समपार संख्या 288 पर सर्वे कराने का फैसला लिया है। सर्वे रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद रेलवे के नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि परियोजना व्यवहार्य पाई जाती है, तो रति का नगला, हसायन और आसपास के गांवों के हजारों लोगों को रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से राहत मिल सकती है। इसके अलावा आवागमन अधिक सुरक्षित, सुगम और तेज होने से स्थानीय व्यापार, शिक्षा और दैनिक आवागमन को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। क्षेत्रवासियों ने रेलवे प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि व्यवहार्यता सर्वे जल्द पूरा होगा और आवश्यक स्वीकृतियों के बाद रेलवे ओवरब्रिज या लिमिटेड हाइट सबवे के निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।

INPUT – YATENDRA PRATAP