Visitors have accessed this post 9 times.

हाथरस : श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए हाथरस जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने हाथरस-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हतीसा बाईपास से आगरा जनपद की सीमा तक विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने नगला भुस चौराहा और चौधरी चरण सिंह तिराहे पर हाई मास्ट लाइट लगाने, कोटा-कपूरा चौराहा एवं कुरसंडा मोड़ पर प्रभावी बैरिकेडिंग कराने तथा कांवड़ यात्रा मार्ग के ब्लैक स्पॉट पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ढाबों के बाहर खड़े वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा कराने, आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन लागू करने तथा कांवड़ियों के लिए अलग लेन तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सैंड बैग और रिफ्लेक्टर टेप लगाने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर लगाए जाने वाले शिविर निर्धारित दूरी पर स्थापित किए जाएं। प्रत्येक शिविर में पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, डस्टबिन, मेडिकल किट, चिकित्सा सुविधा सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बिजली के पोलों को आवश्यकतानुसार सुरक्षित ढंग से कवर करने के निर्देश भी दिए गए। डीएम अतुल वत्स ने कहा कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराना है।

INPUT – KANHAIYA LAL