Visitors have accessed this post 77 times.
सिकंदराराऊ : विधानसभा क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विधायक ने क्षेत्र में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री से चर्चा की तथा जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दों के समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही का अनुरोध किया। बस स्टैंड निर्माण के लिए धनराशि जारी करने की मांग विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने मुख्यमंत्री के समक्ष सिकंदराराऊ में स्वीकृत बस स्टैंड के निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बस स्टैंड निर्माण को गति देने के लिए आवश्यक धनराशि जल्द से जल्द अवमुक्त किए जाने का अनुरोध किया। विधायक का कहना है कि बस स्टैंड के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ ही यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। अगसौली पुलिस चौकी को थाना बनाने की मांग भेंट के दौरान विधायक ने अगसौली पुलिस चौकी को थाना बनाए जाने की मांग भी मुख्यमंत्री के सामने रखी। उन्होंने क्षेत्र की जरूरत और जनहित को देखते हुए अगसौली पुलिस चौकी का उच्चीकरण कर थाना बनाए जाने के संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र सौंपा और आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया। क्षेत्र के विकास को लेकर मुख्यमंत्री से चर्चा विधायक ने विधानसभा क्षेत्र से जुड़े अन्य विकास एवं जनहित के विषयों पर भी मुख्यमंत्री से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सिकंदराराऊ विधानसभा क्षेत्र के विकास और जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र की आवश्यकताओं को शासन स्तर तक पहुंचाकर विकास कार्यों को गति दिलाने का प्रयास जारी रहेगा। विधायक वीरेंद्र सिंह राणा की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हुई इस मुलाकात को सिकंदराराऊ क्षेत्र के विकास और स्थानीय जनहित से जुड़े मुद्दों को शासन के समक्ष रखने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
INPUT – RAHUL SHARMA











