Visitors have accessed this post 69 times.
हाथरस जनपद की कला, संस्कृति और स्थानीय कलाकारों को स्थायी मंच उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। सादाबाद विधायक प्रदीप कुमार सिंह (गुड्डू चौधरी) ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष हाथरस में राजकीय कला संग्रहालय एवं आर्ट गैलरी की स्थापना का प्रस्ताव रखा है। विधायक द्वारा मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्ताव रखे जाने पर जनपद के प्रसिद्ध चित्रकार एवं शिक्षाविद डॉ. भेद प्रकाश सिंह ‘चित्रकार हाथरसी’ ने विधायक प्रदीप कुमार सिंह का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। चित्रकार हाथरसी ने कहा कि हाथरस में राजकीय कला संग्रहालय एवं आर्ट गैलरी की स्थापना जिले की कला और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित हो सकती है। इससे स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा और कलाकृतियों को प्रदर्शित करने के लिए एक स्थायी मंच मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित संग्रहालय में स्थानीय एवं समकालीन कलाकारों की कलाकृतियों के साथ-साथ हाथरस की कला, संस्कृति, लोक परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत को भी संरक्षित एवं प्रदर्शित किया जा सकता है। इससे हाथरस की कला को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी। चित्रकार हाथरसी ने कहा कि वह हाथरस की कला एवं प्रतिभाओं को देश-दुनिया के पटल पर पहचान दिलाने तथा आने वाली पीढ़ी के बाल एवं युवा कलाकारों के लिए बेहतर कलात्मक वातावरण तैयार करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने इस पहल के लिए विधायक प्रदीप कुमार सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और कलाकारों के सामूहिक प्रयास से हाथरस को कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। इस अवसर पर प्रवक्ता रामचरण सिंह, वरिष्ठ शिक्षक नेता योगवीर सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
INPUT – BUREAU REPORT











