Visitors have accessed this post 15 times.

पुरदिलनगर : भारतीय जनता पार्टी के समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की आगामी 650वीं जयंती वर्ष को समर्पित भव्य कलश वंदन यात्रा का आयोजन पुरदिलनगर मंडल क्षेत्र में किया गया। मंडल अध्यक्ष सचिन दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित इस यात्रा ने पुरदिलनगर, खासपुर, सिधोली, पोरा, पायदापुर और जिरौली कलां सहित विभिन्न गांवों में भ्रमण किया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा एवं फूल-मालाओं से स्वागत किया। कलश दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े और पूरे क्षेत्र में भक्ति एवं सामाजिक समरसता का वातावरण देखने को मिला। मंडल अध्यक्ष सचिन दीक्षित ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां किसी के साथ भेदभाव न हो, कोई भूखा न रहे और सभी को समान सम्मान एवं अधिकार प्राप्त हों। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी का ‘बेगमपुरा’ सामाजिक न्याय, समानता, करुणा और भाईचारे पर आधारित आदर्श समाज का संदेश देता है। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाया जा रहा ‘समरसता संकल्प अभियान’ गुरु रविदास जी के विचारों और शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का एक राष्ट्रीय प्रयास है। अभियान का उद्देश्य समाज में समरसता, सद्भाव और समानता की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम में हरीश गोयल, मुकेश शर्मा प्रधान, अभिनव जाखेटिया, प्रवेश परमार, अवधराज बघेल, सुरेश चौहान, केपी परमार, विकास तोमर, मोहन सिंह कुशवाह, शीतल गुप्ता, प्रदीप कुमार, चंद्रभान सिंह, प्रेमपाल, हरिओम, भूपेन्द्र चौहान सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

INPUT – PUSHPAKANT SHARMA