Visitors have accessed this post 154 times.

मुरसान क्षेत्र में बारिश की कमी से धान, बाजरा समेत अन्य फसलों पर संकट गहराता जा रहा है। अच्छी बारिश की कामना को लेकर भकरोई गांव निवासी धर्मवीर ने गांव के पास खेत में तपस्या शुरू कर दी। करीब 72 घंटे बाद क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी के साथ बारिश शुरू हुई, जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। जानकारी के अनुसार धर्मवीर रविवार दोपहर करीब 12 बजे घर से निकलकर गांव के निकट राजवीर सिंह के खेत में पहुंचा। यहां उसने बारिश की कामना को लेकर तपस्या शुरू की। बताया गया कि युवक ने खेत में कई स्थानों पर कंडों में आग जलाई और उनके बीच बैठकर तप किया। तपस्या के दौरान उसने पानी के अलावा कुछ भी ग्रहण नहीं किया और किसी से बातचीत भी नहीं की। युवक की तपस्या की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे। ग्रामीण उसके आसपास बैठकर भजन-कीर्तन करने के साथ पूजा-अर्चना भी कर रहे हैं। तपस्या स्थल पर लोगों की भीड़ जुटने लगी है। ग्रामीणों के मुताबिक, मुरसान क्षेत्र में पर्याप्त बारिश नहीं होने से धान, बाजरा और अन्य फसलों पर असर पड़ रहा था। खेतों में नमी की कमी के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई थी और कई फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई थीं। करीब 72 घंटे बाद मंगलवार शाम क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी के साथ बारिश शुरू हुई। बारिश होने के बाद किसानों ने कुछ राहत महसूस की। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अच्छी बारिश होने से सूखने की कगार पर पहुंच रही फसलों को काफी राहत मिल सकती है।

INPUT – VIRENDRA SHARMA