Visitors have accessed this post 52 times.
सादाबाद : मेहनत, लगन, ईमानदारी और निरंतर प्रयास के दम पर ग्रामीण परिवेश से निकलकर सरकारी सेवा में सफलता हासिल करने वाले दयाचंद पौरुष ने तहसीलदार पद तक का सफर तय किया है। बदायूं में तहसीलदार के पद पर नियुक्ति के बाद घर लौटने पर परिवारजनों, परिचितों और शुभचिंतकों ने उनका फूल-मालाओं और बुके भेंट कर जोरदार स्वागत किया। दयाचंद पौरुष ने अपनी शिक्षा पूरी करने के साथ लंबे समय तक शिक्षण कार्य किया और सरकारी नौकरी की तैयारी भी जारी रखी। निरंतर मेहनत के परिणामस्वरूप उन्हें सादाबाद तहसील में कानूनगो के पद पर पहली सरकारी नौकरी मिली। कई वर्षों तक कानूनगो के रूप में सेवाएं देने के बाद उनका प्रमोशन आगरा की वाह तहसील में नायब तहसीलदार के पद पर हुआ। नायब तहसीलदार के रूप में जिम्मेदारी और निष्ठा से कार्य करने के बाद उन्हें पुनः प्रमोशन मिला और बदायूं में तहसीलदार के पद पर नियुक्ति की गई। इस उपलब्धि की जानकारी मिलते ही परिवार और परिचितों में खुशी का माहौल बन गया। प्रमोशन संबंधी प्रक्रिया पूरी कर घर पहुंचने पर योगेश कुमार ओके, शहर अध्यक्ष कांग्रेस, अमित कुमार सिंह कोषाध्यक्ष, मुकेश कुमार कार्यालय प्रभारी, राजीव राघव सहित अन्य लोगों ने दयाचंद पौरुष का स्वागत किया। उन्हें फूलों के बुके भेंट किए गए और गुलाबों की माला पहनाकर अभिनंदन किया गया। स्वागत से अभिभूत दयाचंद पौरुष ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहनत और लगन के साथ उसकी तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयास करने से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। योगेश कुमार ओके ने दयाचंद पौरुष को युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं को उनके संघर्ष और सफलता से प्रेरणा लेते हुए मेहनत जारी रखनी चाहिए। स्वागत कार्यक्रम में यश कुमार सिंह, प्रथम पौरुष, रुद्रप्रताप सिंह, प्रतीक कुमार, वंशिका सिंह, प्रकृति सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
INPUT – RAHUL SHARMA











