Visitors have accessed this post 33 times.
हसायन : ओ.एम.बी. इंटरनेशनल स्कूल की कक्षा 3 से 8 तक की छात्राओं ने सामाजिक समरसता और सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए हसायन कोतवाली परिसर में रक्षाबंधन का त्यौहार अत्यंत आत्मीयता एवं उत्साह के साथ मनाया। विद्यालय परिवार की इस अनोखी पहल के तहत छात्राओं ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को रक्षासूत्र बाँधकर उनके लंबे और सुरक्षित जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को तिलक लगाकर राखी बांधी और मिठाई खिलाकर उनका मुँह मीठा कराया। दिन-रात जनता की सुरक्षा में मुस्तैद रहने वाले पुलिसकर्मियों ने भी बहनों के इस स्नेह से अभिभूत होकर उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया और उन्हें आशीर्वाद स्वरूप उपहार भेंट किए।
इस अवसर पर कोतवाली प्रभारी मनीष चिकारा जी ने छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपनी ड्यूटी के कारण पुलिसकर्मी अक्सर त्यौहारों पर अपने घर-परिवार से दूर रहते हैं, ऐसे में बच्चों के इस पावन प्रयास ने कोतवाली परिसर में पारिवारिक माहौल का अहसास कराया है। उन्होंने विद्यालय प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में राष्ट्र सेवा और सुरक्षाकर्मियों के प्रति सम्मान की भावना प्रबल होती है।
विद्यालय प्रबंधन सुभाष यादव ने स्पष्ट किया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, संवेदनशीलता और समाज के रक्षकों के प्रति कृतज्ञता की भावना विकसित करना है। राखी का धागा केवल रिश्ते नहीं, बल्कि अटूट विश्वास और सुरक्षा का बंधन भी है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक सेंगर परीक्षा प्रमुख अलोक यादव एकेडेमिकहेड हिमांशु सारस्वत,कोऑर्डिनेटर रेनू पचौरी, सुषमा कुशवाहा, पंकज कुशवाहा, मुनेश कुमार एवं मोहम्मद हसीन का विशेष मार्गदर्शन एवं सराहनीय योगदान रहा। विद्यालय परिवार ने समस्त हसायन थाना पुलिसकर्मियों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

INPUT – YATENDRA PRATAP SINGH










