Visitors have accessed this post 50 times.
सासनी के एसबीएस यूनियन स्कूल में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े उत्साह और ऊर्जा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्री कृष्ण और राधा रानी का स्वरूप धारण कर सभी का मन मोह लिया। जन्माष्टमी समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न मनमोहक झांकियों के माध्यम से राधा रानी और कान्हा जी के अलग-अलग स्वरूप प्रस्तुत किए। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों और मनोहर झांकियों ने कार्यक्रम में मौजूद दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। संस्था के डायरेक्टर डॉ. विकास सिंह ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण का जीवन भारतीय संस्कृति में अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने धर्म, समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए विभिन्न स्वरूपों की सराहना की। विद्यालय के प्रधानाचार्य दुर्गेश पचौरी ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों की झिझक दूर होती है और उनमें अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने का आत्मविश्वास विकसित होता है। कार्यक्रम में राधा-कृष्ण का स्वरूप धारण करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र और अभिभावक मौजूद रहे।

अंत में एसबीएस यूनियन स्कूल सासनी की ओर से सभी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी गईं।

INPUT – DEV PRAKASH DEV










