Visitors have accessed this post 51 times.

सादाबाद : आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर नवीन उत्पादन मंडी समिति के पास गुरुवार-शुक्रवार की देर रात करीब 2 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर सादाबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के समय मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। सुबह जेब में मिले कागजात के आधार पर उसकी पहचान अक्षय ठाकुर उर्फ सोनू (35) निवासी कोकना कला के रूप में हुई। वह जितेंद्र सिंह के पुत्र थे। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के मुताबिक, सोनू संजय पैलेस स्थित एचडीएफसी बैंक में नौकरी करते थे। उनके भाई गोलू ने बताया कि गुरुवार रात करीब एक बजे सोनू ने फोन कर जल्द गांव आने की बात कही थी। इसके कुछ देर बाद ही वह हादसे का शिकार हो गए। करीब 3 बजे सादाबाद कोतवाली पुलिस ने परिवार को दुर्घटना की सूचना दी, जिसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सोनू की कार को एक ट्रक ने टक्कर मारी थी। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सोनू की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। वह अपने पीछे पत्नी, 8 वर्षीय बेटे व्यायाम और 6 वर्षीय बेटी युवान को छोड़ गए हैं। पुलिस अब टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से हादसे की जांच कर रही है।

INPUT – KANHAIYA LAL