Visitors have accessed this post 11 times.
हाथरस : यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर पाँच दिवसीय बैंकिंग लागू करने और बैंक कर्मचारियों से जुड़े लंबित (Residual) मुद्दों के शीघ्र समाधान की मांग को लेकर शुक्रवार को हाथरस में बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में विभिन्न बैंकों के कर्मचारी और अधिकारी शामिल हुए। प्रदर्शन का आयोजन शाम करीब 5:15 बजे आगरा रोड स्थित गैलेक्सी होटल के सामने इंडियन ओवरसीज बैंक के पास किया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने पाँच दिवसीय बैंकिंग की मांग को लेकर नारेबाजी की और अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि पाँच दिवसीय बैंकिंग बैंक कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही प्रमुख मांगों में शामिल है। उनका कहना है कि आधुनिक बैंकिंग व्यवस्था में पाँच दिवसीय कार्य प्रणाली लागू होने से कर्मचारियों को कार्य और निजी जीवन के बीच बेहतर संतुलन बनाने में मदद मिल सकती है। इसके साथ ही बैंक कर्मचारियों से जुड़े अन्य लंबित मुद्दों के समाधान की भी मांग उठाई गई। UFBU हाथरस के जिला संयोजक पुष्पांकर जैन ने कहा कि बैंक कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि पाँच दिवसीय बैंकिंग की मांग के साथ अन्य लंबित मुद्दों पर भी शीघ्र निर्णय लिया जाना चाहिए। उन्होंने बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों से लोकतांत्रिक एवं संगठित तरीके से अपनी मांगों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों ने कहा कि पाँच दिवसीय बैंकिंग समेत अन्य लंबित मांगों के समाधान के लिए बैंकिंग संगठनों की ओर से चलाए जा रहे आंदोलन को समर्थन जारी रखा जाएगा। इस दौरान “संघर्ष ही हमारी पहचान है और एकता ही हमारी ताकत है” जैसे नारों के माध्यम से कर्मचारियों ने अपनी एकजुटता जताई। प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष/मंत्री अजय कुमार, राजेंद्र सिंह, यू.पी. बैंक एम्पलाइज यूनियन से जुड़े प्रवीण कुमार, अशोक यादव, ग्रामीण बैंक से जुड़े अमन, संजीव, विश्वनाथ कुमार, निशान वार्ष्णेय, भीकम सिंह, नरेंद्र कुमार, रमाकांत, विष्णु कुमार, सतीश, अश्विनी, श्रेया, पंकज, सौरभ, शंकर लाल, राहुल, राजवीर सिंह, प्रवीण, किशन, सुरेश और राज कुमार समेत बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी एवं अधिकारी मौजूद रहे।

INPUT – AMIT SHARMA











