Visitors have accessed this post 11 times.

​हाथरस : स्थानीय मेंडू रोड स्थित एक बगीची में जटोरी धाम के पूज्य बड़े बाबा मुखिया श्री विपिन बिहारी दास जी महाराज के आगमन पर भक्तों में भारी उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर पूर्व पालिकाध्यक्ष पंडित आशीष शर्मा के संयोजन में एक वृहद एवं दिव्य संकीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
​कार्यक्रम के दौरान संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। सुमधुर भजनों और संकीर्तन की धुनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए।
​संकीर्तन के उपरांत पूर्व पालिका अध्यक्ष पंडित आशीष शर्मा बड़े बाबा मुखिया श्री विपिन बिहारी दास जी महाराज को घंटाघर स्थित ब्रज संत श्री गयाप्रसाद जी के मंदिर लेकर आए। मंदिर परिसर में उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और आरती संपन्न की। इसके पश्चात महाराज श्री ने उपस्थित सभी भक्तों को आशीर्वाद प्रदान कर प्रसाद वितरित किया।
अपने प्रवचन में जटोरी धाम के बड़े बाबा मुखिया श्री विपिन बिहारी दास जी महाराज ने कहा—
​”मानव जीवन अत्यंत दुर्लभ है और इसे सांसारिक बंधनों में व्यर्थ नहीं गंवाना चाहिए। कलियुग में केवल हरि नाम संकीर्तन ही वह साधन है जो आत्मा को शांति और मुक्ति का मार्ग दिखाता है। ब्रज संतों की यह तपोभूमि सदैव भक्ति और समर्पण की प्रेरणा देती आई है। जब मनुष्य निस्वार्थ भाव से प्रभु के चरणों में समर्पित होता है, तभी उसके भीतर सच्चा प्रेम, करुणा और सेवा का भाव जाग्रत होता है। समाज में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए संकीर्तन व सत्संग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।”
पूर्व पालिकाध्यक्ष पंडित आशीष शर्मा ने भाव विभोर होकर कहा

​”हाथरस की यह पावन धरा सदैव संतों और महात्माओं के आशीर्वाद से आलोकित रही है। जटोरी धाम के पूज्य बड़े बाबा मुखिया श्री विपिन बिहारी दास जी महाराज का हमारे बीच पधारना पूरे नगर के लिए परम सौभाग्य का विषय है। संतों के चरण जहां पड़ते हैं, वहां का वातावरण स्वयं ही सकारात्मक ऊर्जा और भक्ति रस से भर जाता है। हमारा सदैव यह प्रयास रहता है कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के माध्यम से समाज में एकता, सद्भाव और अध्यात्म की लौ निरंतर जलती रहे।”
​कार्यक्रम में नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं युवा उपस्थित रहे। पूरा क्षेत्र ‘राधे-राधे’ और संतों के जयकारों से गुंजायमान रहा।

INPUT – RAHUL SHARMA