Visitors have accessed this post 9 times.

वृंदावन से एक शिष्य की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारी शरण के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह संत प्रेमानंद महाराज से जुड़े गुरु कृपा कुंज परिसर में रह रहे थे। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह वृंदावन के वाराह घाट क्षेत्र स्थित गुरु कृपा कुंज परिसर की चौथी मंजिल से दीपक नीचे गिर गए। घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर वृंदावन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका सामने आई है, हालांकि अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर जांच की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस घटनास्थल के हालात, सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि गुरु कृपा कुंज परिसर में अन्य साधक भी रहते हैं। ऐसे में पुलिस घटना से जुड़े सभी तथ्यों को खंगाल रही है। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह और चौथी मंजिल से गिरने की परिस्थितियां पूरी तरह स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

INPUT – YATENDRA PRATAP SINGH