Visitors have accessed this post 10 times.
कानपुर : श्री श्याम जी मित्र मंडल, कानपुर की ओर से 41वें भव्य श्री श्याम महोत्सव का आयोजन 26 सितंबर से मोतीझील लॉन में किया जाएगा। महोत्सव को लेकर मंडल की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित कर कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी दी गई। मंडल के अनुसार, यह आयोजन श्यामलीन पूजनीय श्रीमती कमला देवी कांकाणी (मौसी जी), कोलकाता के आशीर्वाद से आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव के दौरान श्री श्याम प्रभु के भजनों, अखंड ज्योति पाठ, भजन संध्या, चंग उत्सव और निशान उत्सव समेत विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम होंगे। 26 सितंबर को भजन कार्यक्रम का शुभारंभ शनिवार, 26 सितंबर 2026 की रात 9 बजे श्री श्याम प्रभु के भजनों का कार्यक्रम शुरू होगा, जो पूरी रात चलेगा। इसके बाद रविवार, 27 सितंबर की सुबह 8 बजे कानपुर के श्री राम पाण्डेय द्वारा श्री श्याम अखंड ज्योति पाठ का शुभारंभ किया जाएगा। अखंड ज्योति पाठ के बाद दोपहर और शाम के समय भजन संध्या, चंग उत्सव और भव्य निशान उत्सव का आयोजन किया जाएगा। मध्य रात्रि में महाआरती के साथ मुख्य महोत्सव का समापन प्रभु इच्छा तक किया जाएगा। 28 सितंबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा सोमवार, 28 सितंबर 2026 को शाम 6 बजे श्री श्याम प्रभु की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा फूलबाग से प्रारंभ होकर श्री श्याम मंदिर, फीलखाना पहुंचेगी, जहां इसका विश्राम होगा। इसके बाद रविवार, 4 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे से संकट मोचन धाम, 40 दुकान, किदवई नगर, कानपुर में विशाल महाप्रसाद और भंडारे का आयोजन किया जाएगा। देशभर से पहुंचेंगे भजन गायक महोत्सव में देश के विभिन्न शहरों से भजन गायक और प्रवाहक शामिल होंगे। इनमें नंद किशोर शर्मा ‘नंदू’ अहमदाबाद, संजू शर्मा कोलकाता, शुभम-रूपम बाजोरिया कोलकाता, सौरभ शर्मा कोलकाता, कनिका ग्रोवर नीमच और अनुभव अग्रवाल जमशेदपुर शामिल हैं। अलौकिक श्रृंगार और 56 भोग की तैयारी मंडल के मुताबिक, श्री श्याम प्रभु के लिए विशेष और भव्य श्रृंगार की तैयारी की जा रही है। इसके लिए कोलकाता और अन्य स्थानों से विशेष कारीगर बुलाए गए हैं। महोत्सव के दौरान प्रभु को छप्पन भोग भी अर्पित किया जाएगा। सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी महोत्सव में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारियां की गई हैं। पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए मंडल के सदस्यों की एक विशेष टीम गठित की गई है, जो आयोजन के दौरान व्यवस्थाओं की निगरानी करेगी। प्रेस वार्ता में मंडल अध्यक्ष संजय खेमका, महामंत्री गोपाल गुड़ियावाला, कोषाध्यक्ष राधेश्याम अग्रवाल, उत्सव संयोजक अनुपम अग्रवाल, गोविंद अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, बनवारी लाल गुप्ता, श्याम गोयनका, राकेश शर्मा, अतुल अग्रवाल, अंकित मित्तल और प्रचार मंत्री आशीष गोयल सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

INPUT – RAGHVENDRA CHAUHAN











