Visitors have accessed this post 91 times.

सिकंदराराऊ नगर के मोहल्ला नगला शीशगर स्थित सिद्ध पीठ मां पथवारी माता मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। धार्मिक वातावरण के बीच भागवताचार्य पंडित सुभाष चंद्र दीक्षित ने भगवान श्रीकृष्ण की महिमा और विभिन्न दिव्य प्रसंगों का संगीतमय वर्णन किया। कथा श्रवण कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पूरा पंडाल जय श्रीकृष्ण तथा मां पथवारी माता के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय विप्र एकता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित मित्रेश चतुर्वेदी ने विधि-विधान से व्यास पीठ का पूजन-अर्चन किया। उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। इसके बाद राष्ट्रीय विप्र एकता मंच की ओर से भागवताचार्य पंडित सुभाष चंद्र दीक्षित का माल्यार्पण कर, शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट करके सम्मान किया गया। इस अवसर पर पंडित मित्रेश चतुर्वेदी ने कहा कि सनातन संस्कृति में श्रीमद्भागवत कथा श्रवण का विशेष महत्व है। ऐसी धार्मिक कथाएं समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने के साथ आपसी भाईचारे, सद्भाव और धार्मिक चेतना को मजबूत करती हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े रहने का आह्वान किया। भागवताचार्य पंडित सुभाष चंद्र दीक्षित ने श्रीमद्भागवत महापुराण की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि यह ग्रंथ भगवान श्रीकृष्ण के वांग्मय स्वरूप के रूप में पूजनीय है। उन्होंने कहा कि भक्ति, श्रद्धा और ईश्वर के प्रति समर्पण से मनुष्य को आत्मिक शांति प्राप्त होती है। जब-जब धरती पर अधर्म बढ़ता है, तब-तब भगवान धर्म की स्थापना और भक्तों के कल्याण के लिए अवतार लेते हैं। कथा के प्रसंगों से यह संदेश मिलता है कि अहंकार का त्याग कर ईश्वर की शरण में जाने से मानव जीवन को सही दिशा मिलती है। कथा के चौथे दिन भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े विभिन्न दिव्य प्रसंगों का संगीतमय वर्णन किया गया। भक्ति गीतों और धार्मिक प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम के समापन पर महाआरती की गई और मुख्य अतिथियों द्वारा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय विप्र एकता मंच के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजीव चतुर्वेदी, पूर्व सभासद चेतन शर्मा, धर्मेंद्र शर्मा एडवोकेट, वीरो लाला, वीरेंद्र सिंह चौहान, शिरोमणि वार्ष्णेय, विनय चतुर्वेदी, दुर्गेश शास्त्री, पूसाराम शर्मा, कन्हैया शर्मा, जगदीश कश्यप, विनय शर्मा, बबलू सिसोदिया, लकी शर्मा, विमल उपाध्याय, उमेश वार्ष्णेय, दीपक शर्मा, सुनील शर्मा और विष्णु शर्मा सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

INPUT – NEERAJ GUPTA