Visitors have accessed this post 81 times.

सादाबाद : त्योहारों के सीजन में मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) उत्तर प्रदेश, लखनऊ और जिलाधिकारी महोदय हाथरस के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। सहायक आयुक्त खाद्य-II मनोज कुमार सिंह तोमर के आदेश और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में 15 अक्टूबर को नवरात्रि और दीपावली विशेष अभियान के तहत हाथरस जनपद में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। इस दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से मिठाइयों और व्रत में उपयोग होने वाले खाद्य पदार्थों के संदिग्ध नमूने एकत्रित कर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेज दिए हैं। जलेसर रोड, सादाबाद: ‘गगन ट्रेडर्स’ से साबूदाना का नमूना लिया गया। खाद्य कारोबारी अमित गुप्ता की दुकान से ‘समा चावल’ का नमूना लिया गया। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमों के तहत आगामी विधिक कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी यदुवीर सिंह, डॉ. विकास कुमार, करतार सिंह, सुरेंद्र कुमार गौड़, प्रियेस कुमार सिंह और श्रीमती पारुल सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटखोरों और आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि त्योहारों के दिनों में लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके।

INPUT – KANHAIYA LAL