Visitors have accessed this post 14 times.
हाथरस : उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय हाथरस के अंतर्गत संचालित विभिन्न शाखाओं में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर ‘नारी शक्ति सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया । इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करने वाली महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मानित करना, उनकी प्रेरक कहानियों को जन-जन तक पहुंचाना तथा अन्य महिलाओं को आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन के लिए प्रेरित करना रहा ।
समारोह के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया । साथ ही, सभा के माध्यम से उनके संघर्ष, परिश्रम, उपलब्धियों एवं सफलता की प्रेरक कहानियों से उपस्थित महिलाओं और अन्य लोगों को अवगत कराया गया, ताकि उनके अनुभव समाज की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन सकें ।
इस अवसर पर शाखा अलीगढ़ रोड, हाथरस तथा शाखा मुरसान गेट, हाथरस में आयोजित कार्यक्रमों में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री प्रदीप मोहन दीक्षित ने महिलाओं की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला । उन्होंने कहा कि भारतीय समाज में महिलाओं को आदिकाल से सम्माननीय स्थान प्राप्त रहा है और नारी का सम्मान हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न अंग है ।

इस सभा में हाथरस की ब्लॉक प्रमुख पूनम पांडे ने कहा कि समय के साथ भारतीय समाज में महिलाओं की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है तथा आज महिलाएं शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता, सामाजिक सेवा सहित जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, क्षमता और परिश्रम के बल पर नई ऊंचाइयां प्राप्त कर रही हैं । सामाजिक कार्यकर्ती अनु विमल अपने उद्बोधन में कहा कि आज कोई भी ऐसा क्षेत्र नहीं है जहां महिलाएं पुरुषों के बराबरी न कर रहीं हों,अनेक क्षेत्र में तो महिलाएं पुरुषों से भी आगे निकल रहीं हैं ।

क्षेत्रीय प्रबंधक ने कहा कि उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक केवल बैंकिंग सेवाएं प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है । उन्होंने बैंक में महिला शशक्तिकरण के लिए चल रही सभी ऋण योजनाओं की जानकारी दी और उन्हें आश्वस्त किया कि समाज की जो महिलाएं स्वयं का रोजगार स्थापित करने, स्वरोजगार अपनाने अथवा अपना उद्यम शुरू करने की इच्छुक हैं, उन्हें बैंक की ओर से यथासंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा । महिलाओं को रोजगार सृजन के लिए आवश्यक तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करने में सहयोग देने के साथ-साथ पात्रता एवं बैंक के नियमानुसार ऋण सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे ।
कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की , समारोह के माध्यम से महिला सशक्तीकरण, आत्मविश्वास, उद्यमिता और आर्थिक स्वावलंबन का संदेश दिया गया । उपस्थित महिलाओं ने इस पहल को प्रेरणादायक बताते हुए महिलाओं की उपलब्धियों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित किए जाने की सराहना की ।
कार्यक्रम की सफलता में संबंधित शाखाओं के शाखा प्रबंधकों एवं उनकी टीम का सराहनीय योगदान रहा । उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय हाथरस की इस पहल ने समाज में नारी सम्मान, महिला सशक्तीकरण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया ।

INPUT – AMIT SHARMA











