Visitors have accessed this post 42 times.
हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन पर आज रेल स्वच्छता अभियान एवं रेल जनसंवाद अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान इज्जतनगर मंडल से पहुंचे रेलवे अधिकारी जगदीप ढाका (डीसीएम) ने स्टेशन पर साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और रेल यात्रियों से संवाद कर उनकी समस्याओं, सुविधाओं एवं सुधार संबंधी सुझावों की जानकारी ली। कार्यक्रम के दौरान स्वापो एनजीओ हाथरस के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष कपिल अग्रवाल के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने रेलवे में यात्री सुविधाएं बढ़ाने और ट्रेनों के संचालन व ठहराव से संबंधित मांगों को लेकर अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर कोच डिस्प्ले लगाने की मांग की गई, ताकि यात्रियों को अपने कोच तक पहुंचने में आसानी हो। इसके साथ ही स्टेशन पर निःशुल्क यूरिनल की व्यवस्था कराने, दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए लिफ्ट या एस्केलेटर लगवाने और प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर टीन शेड के नीचे पंखे लगाने की मांग उठाई गई।
हाथरस के यात्रियों और व्यापारियों के लिए नई ट्रेनों की मांग
रेलवे अधिकारियों के समक्ष ट्रेनों की संख्या बढ़ाने और महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई। ज्ञापन में मथुरा जंक्शन से बरेली के लिए दैनिक इंटरसिटी ट्रेन चलाने का प्रस्ताव दिया गया। साथ ही मथुरा से कानपुर के लिए सुबह के समय ट्रेन शुरू करने की मांग की गई, जिससे हाथरस सहित आसपास के क्षेत्रों के व्यापारियों और यात्रियों को लाभ मिल सके। इसके अतिरिक्त टनकपुर से नांदेड़ के बीच चलने वाली ट्रेन संख्या 17632 का हाथरस सिटी स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की गई। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि इन सुविधाओं से यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है। रेलवे अधिकारी जगदीप ढाका ने ज्ञापन में उठाए गए बिंदुओं पर शीघ्र कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
रेलवे अधिकारियों और सामाजिक प्रतिनिधियों ने लिया भाग
कार्यक्रम में स्वापो एनजीओ के जिला अध्यक्ष सुनील बर्मन, नगर अध्यक्ष दिनेश सरदाना, महामंत्री उत्कर्ष शर्मा और रेलवे प्रकोष्ठ प्रभारी सौरभ वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा रावत शिक्षा समिति के डायरेक्टर एम.एल. रावत ने भी रेलवे में सुधार और यात्रियों की सुविधाओं से संबंधित अपने विचार रखे। रेलवे की ओर से मुख्य वाणिज्य अधीक्षक विपिन कुमार सारस्वत, स्टेशन मैनेजर अनिल कुमार, रेलवे सुरक्षा बल के जवान और अन्य विभागीय कर्मचारी कार्यक्रम में शामिल हुए। अभियान के दौरान रेल यात्रियों ने स्टेशन की साफ-सफाई व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं पर संतुष्टि व्यक्त की। वहीं, जनसंवाद के माध्यम से सामने आई मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन मिलने से यात्रियों को भविष्य में सुविधाओं में सुधार की उम्मीद है।

INPUT – AMIT SHARMA











