Visitors have accessed this post 7 times.
हाथरस जनपद के हसायन क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। अब अज्ञात चोरों ने भगवान के मंदिर को भी अपना निशाना बना लिया है। हसायन कोतवाली क्षेत्र के गांव गंगापुर स्थित मंदिर से चोर पीतल के घंटे चोरी कर ले गए। मंदिर में हुई चोरी की इस घटना से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव गंगापुर स्थित मंदिर में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर परिसर में लगे पीतल के घंटे चोरी कर मौके से फरार हो गए। जिस मंदिर में ग्रामीण प्रतिदिन श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं, वहां चोरी की घटना सामने आने से लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। साथ ही चोरी की घटना को लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने और आरोपियों को पकड़ने की मांग की है। हसायन क्षेत्र में मंदिर से घंटे चोरी होने की इस घटना ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक इस चोरी की घटना का खुलासा कर पाती है।

INPUT – YATENDRA PRATAP SINGH











