Visitors have accessed this post 10 times.
हाथरस जिले के हसायन क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और उनकी तीन वर्षीय मासूम बेटी की मौत हो गई, जबकि पत्नी और चचेरा भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सलेमपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव बस्तोई के निकट निर्माणाधीन जयपुर-मथुरा-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार हुंडई ऑरा कार सड़क पर रखे डिवाइडर से टकरा गई, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
डिवाइडर से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई कार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार 10 नवंबर की रात करीब साढ़े दस बजे मनोज कुमार उर्फ पुष्पेंद्र सिंह अपनी पत्नी ज्योति, दो बेटियों और चचेरे भाई के बेटे जितेंद्र के साथ हुंडई ऑरा कार से अपने गांव नगला रति लौट रहे थे। इसी दौरान गांव बस्तोई के निकट राजवाहे के पुल निर्माण कार्य के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क पर रखे डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस और परिजनों को दी।
मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान पिता-पुत्री की मौत

सूचना मिलते ही सलेमपुर पुलिस चौकी और हसायन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे चारों घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ पहुंचाया गया। घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज अलीगढ़ रेफर कर दिया। अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मनोज कुमार उर्फ पुष्पेंद्र सिंह और उनकी तीन वर्षीय बेटी नित्या ने दम तोड़ दिया। वहीं, पत्नी ज्योति और चचेरा भतीजा जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हैं और उनका उपचार जारी है।
दिल्ली-नोएडा में कार चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे मनोज
मृतक मनोज कुमार उर्फ पुष्पेंद्र सिंह मूल रूप से हसायन क्षेत्र के गांव नगला रति के निवासी थे। वह दिल्ली और नोएडा में ओला कंपनी के लिए हुंडई ऑरा कार चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। दीपोत्सव के अवसर पर वह अपने गांव आए हुए थे। मंगलवार को वह अपनी पत्नी ज्योति और दोनों बेटियों को उनके मायके गांव अमृतपुर असदपुर से लेकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।
निर्माणाधीन हाईवे पर संकेतकों की कमी को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश

हादसे के बाद निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण और पुल निर्माण कार्य के दौरान वाहन चालकों को सावधान करने के लिए पर्याप्त संकेतक और सूचना बोर्ड नहीं लगाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे पर संकेतकों की कमी के चलते लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं।ग्रामीणों ने निर्माणाधीन सड़क पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और उचित संकेतक लगाने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
गांव पहुंचीं पिता-पुत्री की अर्थियां, परिवार में मचा कोहराम
बुधवार शाम जब मृतक पिता और मासूम बेटी के शव पोस्टमार्टम के बाद गांव नगला रति पहुंचे तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। एक साथ दो अर्थियां देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजन शवों से लिपटकर बिलखते नजर आए। भाई दूज के पर्व पर हुए इस दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। घटना से गांव में गहरा दुख और आक्रोश व्याप्त है।

INPUT – YATENDRA PRATAP SINGH











