Visitors have accessed this post 10 times.
हाथरस : राजेन्द्र लोहिया विद्या मंदिर में बाल दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेलकूद प्रतियोगिताओं और प्रेरणादायक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान विद्यालय के मैनेजर कपिल लोहिया, कोषाध्यक्षा मधु लोहिया, प्रधानाचार्य कपिल भाटिया, शिक्षकगण और विद्यार्थी मौजूद रहे। इस अवसर पर प्रधानाचार्य कपिल भाटिया ने विद्यार्थियों को इसरो के वैज्ञानिक पवन कुमार चंदाना के जीवन संघर्ष, उपलब्धियों और सफलता के सफर के बारे में बताया। उन्होंने बच्चों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया। विद्यालय के मैनेजर कपिल लोहिया ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को तीन महत्वपूर्ण सीख दीं। उन्होंने बच्चों को जिज्ञासु बनने, प्रश्न पूछने, अपने विचार एवं अनुभव साझा करने और जरूरत पड़ने पर सहपाठियों की मदद करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रश्न पूछना सीखने की पहली सीढ़ी है और आपसी सहयोग अच्छे व्यक्तित्व का आधार है। कार्यक्रम में शिक्षकों की विशेष प्रार्थना सभा आकर्षण का केंद्र रही। संगीत शिक्षकों मनीष कुमार एवं लकी शर्मा ने एकल गीत प्रस्तुत किया। वहीं नृत्य शिक्षक बृजेश कुमार की एकल नृत्य प्रस्तुति और प्राथमिक शिक्षकों के सामूहिक नृत्य ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। बाल दिवस के अवसर पर कक्षा 1 से 3 तक के विद्यार्थियों के लिए मंगलायतन का शैक्षणिक भ्रमण भी आयोजित किया गया। इस दौरान नन्हे विद्यार्थियों को विद्यालय से बाहर नई चीजें देखने, जानने और सीखने का अवसर मिला। वहीं विद्यालय परिसर में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विभिन्न दौड़ प्रतियोगिताओं के साथ वॉलीबॉल, क्रिकेट और रस्साकशी के मुकाबले आयोजित किए गए। विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच हुए मैत्रीपूर्ण खेल मुकाबलों ने आयोजन को और भी रोमांचक बना दिया। बाल दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय की ओर से विद्यार्थियों को चिप्स और चॉकलेट भी वितरित की गईं। पूरे आयोजन में बच्चों का उत्साह देखते ही बना। समग्र रूप से राजेन्द्र लोहिया विद्या मंदिर में आयोजित बाल दिवस समारोह मनोरंजन, शिक्षा, प्रेरणा और खेल भावना का सुंदर संगम रहा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को जिज्ञासा, अनुशासन, आपसी सहयोग और निरंतर प्रयास के महत्व का संदेश दिया गया।
INPUT – RAHUL SHARMA










