Visitors have accessed this post 11 times.

मथुरा : नारायण इंटरनेशनल स्कूल के कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने 6 नवंबर को छाता स्थित SPEL कंपनी का औद्योगिक भ्रमण किया। इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को औद्योगिक उत्पादन, आधुनिक तकनीक, मशीनों की कार्यप्रणाली और मार्केटिंग रिसर्च का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना था। औद्योगिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने इंडस्ट्रियल रेगुलेटर, वाल्व, स्विच, सेंसर, स्मार्ट पाइप्स और गैस फिटिंग से संबंधित उत्पादों के निर्माण की प्रक्रिया को करीब से समझा। साथ ही आधुनिक मशीनों और उन्नत तकनीकों के माध्यम से औद्योगिक उत्पाद तैयार करने की जानकारी भी प्राप्त की। कंपनी के सीएमडी पवन सारस्वत ने विद्यालय के फैकल्टी सदस्यों सुधीर कुमार, गौरव चौहान और विद्यार्थियों का स्वागत किया।

इस दौरान इंजीनियर प्रभात एवं कंपनी के तकनीकी विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को उत्पादन प्रक्रिया, मशीनों के संचालन, गुणवत्ता नियंत्रण, औद्योगिक सुरक्षा, पैकेजिंग और मार्केटिंग से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रक्रियाओं को उत्सुकता से समझा और विशेषज्ञों से सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष प्रोफेसर हरीश चौधरी ने कहा कि औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के किताबी ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने का बेहतर माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तकनीकी समझ और भविष्य में करियर के विभिन्न अवसरों के प्रति जागरूकता विकसित होती है। विद्यालय का यह औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक साबित हुआ। इस अनुभव के माध्यम से छात्र-छात्राओं को औद्योगिक जगत की कार्यप्रणाली को समझने और भविष्य की संभावनाओं को जानने का अवसर मिला।

INPUT – KANHAIYA LAL