Visitors have accessed this post 29 times.

सिकंद्राराऊ के मोहल्ला ब्राह्मणपुरी स्थित पुरानी तहसील रोड पर संचालित शिशु शिक्षा मंदिर (पेड़ वाले स्कूल) में बाल दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों को बाल दिवस के महत्व और देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन एवं योगदान के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेश चतुर्वेदी ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के छवि चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य नरेश चतुर्वेदी ने कहा कि देश के नवनिर्माण में पंडित जवाहरलाल नेहरू का अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने देश की आजादी के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया और अंग्रेजी हुकूमत की अनेक यातनाएं झेलीं। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू बच्चों से बेहद स्नेह करते थे, इसी कारण उनके जन्मदिवस 14 नवंबर को पूरे देश में बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता केजीएन पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शादाब अहमद ने की। इस दौरान उपस्थित अतिथियों ने भी बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर शिक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इस मौके पर श्रीकृष्ण दीक्षित फौजी, सभासद डॉ. राकेश सेंगर, शरद शर्मा, अनुपम तोमर, मनीष शर्मा, योगिता सैनी, नैना सैनी, लकी शर्मा, के.के. शर्मा और सोनी यादव सहित अन्य गणमान्य लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय में आयोजित बाल दिवस कार्यक्रम उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

INPUT – NEERAJ GUPTA