Visitors have accessed this post 5 times.
सासनी के एसबीएस यूनियन स्कूल में बाल दिवस के अवसर पर भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। मेले में खानपान, खेलकूद, संगीत और डांस जैसी विभिन्न गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि तहसीलदार सोनू बघेल एवं संस्था के डायरेक्टर डॉ. विकास सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सोनू बघेल ने कहा कि प्रतिवर्ष 14 नवंबर को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है। बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहते थे। उन्होंने विद्यार्थियों को नेहरू जी से प्रेरणा लेकर देश और समाज की सेवा करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. विकास सिंह ने बताया कि वर्ष 1964 से पंडित जवाहरलाल नेहरू के बच्चों के प्रति विशेष प्रेम और स्नेह को देखते हुए भारत में बाल दिवस मनाने की शुरुआत हुई। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ मनोरंजक और रचनात्मक गतिविधियां भी बेहद जरूरी हैं। बाल मेले में विद्यार्थियों के लिए पानी पुरी, पेटीज, स्नैक्स, पॉपकॉर्न, पेस्ट्री और भेलपुरी सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाए गए। वहीं गेमिंग जोन में रिंग थ्रो, मिकी माउस, जंपिंग जैक, बॉलिंग बकेट, आर्चरी और रिंग एंड स्टैंड जैसे मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया। इसके अलावा म्यूजिक और डांस गतिविधियों ने भी बच्चों का खूब मनोरंजन किया। विद्यालय की ओर से सभी विद्यार्थियों को बारी-बारी से फूड जोन और गेमिंग जोन में प्रतिभाग करने का अवसर दिया गया। वहीं दीपावली के अवसर पर आयोजित रंगोली मेकिंग, दीया मेकिंग और थाली डेकोरेशन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य दुर्गेश पचौरी ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और उनके आत्मविश्वास एवं सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलता है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की ओर से विद्यार्थियों को मुफ्त उपहार वितरित किए गए, जिन्हें पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा।

INPUT – DEV PRAKASH DEV










