Visitors have accessed this post 9 times.

हाथरस सहोदया सीबीएसई स्कूल कॉम्प्लेक्स के तत्वावधान में लॉर्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल में स्पोर्ट्स फिएस्टा का भव्य शुभारंभ हुआ। खेल महोत्सव की पहली प्रतियोगिता के रूप में अंतर-विद्यालयी शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद के 17 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा, एकाग्रता और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं हाथरस सहोदया कॉम्प्लेक्स के अध्यक्ष श्री अरुण शर्मा, कॉम्प्लेक्स के सचिव एवं एसबीएस यूनियन पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. विकास तथा कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य श्री मुकेश शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अरुण शर्मा ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत एवं उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि शतरंज केवल चालों का खेल नहीं है, बल्कि यह दूरदर्शिता, धैर्य, तार्किक चिंतन और सही निर्णय लेने की क्षमता का उत्कृष्ट संगम है। इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उनकी समस्या समाधान करने की क्षमता को भी विकसित करती हैं। प्रतियोगिता में सेंट फ्रांसिस, एसआरवी, एमएलडीवी, सेंट विवेकानंद, यूनियन पब्लिक स्कूल, कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल, शर्मा मंसूर, एसएसडी, एसबीएस, बीएलएस, आरपीएम, डीएलपी, ब्राइट करियर, लॉर्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल, एसआरबी, आरबीएस एवं आरएलवीएम सहित कुल 17 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। शतरंज के मुकाबलों के दौरान विद्यार्थियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। प्रतिभागियों ने अपनी बुद्धिमत्ता, धैर्य और रणनीतिक सोच के दम पर शानदार प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों के बाद निर्णायक मंडल ने बालिका एवं बालक वर्ग के परिणाम घोषित किए।

बालिका वर्ग के परिणाम:

  • प्रथम स्थान – अंबिका वार्ष्णेय (आरबीएस)
  • द्वितीय स्थान – आरोही शर्मा (एसपीएस)
  • तृतीय स्थान – कर्णिका (एसएसडी)

बालक वर्ग के परिणाम:

  • प्रथम स्थान – अभिषेक वार्ष्णेय (बीएलएस)
  • द्वितीय स्थान – प्रांजल सारस्वत (एसआरवी)
  • तृतीय स्थान – मयंक चौधरी (सेंट विवेकानंद)

विजेता प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही प्रतियोगिता में शामिल विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता को सफल बनाने में खेल प्रशिक्षक अरविंद पाठक, अभिषेक भारद्वाज, ऋचा गौड़ एवं तरुणा वशिष्ठ सहित अन्य शिक्षकों का विशेष योगदान रहा। सभी के मार्गदर्शन एवं सहयोग से आयोजन व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समापन अवसर पर प्रधानाचार्य श्री अरुण शर्मा ने सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता को निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, निर्णायक मंडल, शिक्षकों एवं प्रतिभागी विद्यालयों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर सहोदया समूह के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

INPUT – AMIT SHARMA