Visitors have accessed this post 530 times.
मेरठ। प्रदेशभर की सहकारी समितियों में यूरिया खाद की भारी कमी का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में धरना देते हुए जमकर हंगामा किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान ना होने पर सड़क से विधानसभा तक आंदोलन की चेतावनी दी है।
कांग्रेस पार्टी के महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी के साथ दर्जनों कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी ने आरोप लगाया कि प्रदेश की सहकारी समितियों में यूरिया खाद की भारी कमी है। इसी के साथ-साथ सहकारी समितियों के अधिकारियों द्वारा यूरिया खाद की कालाबाजारी की जा रही है। जिसके चलते आम वर्ग का किसान जहां यूरिया खाद नहीं खरीद पा रहा। वहीं, खाद की कमी के चलते किसानों की फसल बर्बाद होने की स्थिति आ गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम सौंपे ज्ञापन में प्रदेश सरकार को सहकारी समितियों पर यूरिया खाद की आपूर्ति सुचारू किए जाने के निर्देश देने की अपील की। जिससे खाद न मिलने के कारण बर्बाद हो रही किसानों की फसल बचाई जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो कांग्रेस कार्यकर्ता लखनऊ विधानसभा के घेराव से भी पीछे नहीं हटेंगे।
इनपुट -: राशिद खान









