Visitors have accessed this post 21 times.
हाथरस। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आज जनपद हाथरस में भाजपा सरकार की कथित संविधान-विरोधी, जनविरोधी एवं दमनकारी नीतियों के विरोध में भाजपा जिला कार्यालय का शांतिपूर्ण घिराव प्रस्तावित था। लेकिन लोकतांत्रिक विरोध से पहले ही जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कांग्रेस जिला अध्यक्ष विवेक उपाध्याय को उनके आवास पर ही हाउस अरेस्ट कर लिया।
कांग्रेस पार्टी ने इस कार्रवाई को लोकतंत्र पर सीधा हमला करार दिया है। पार्टी का कहना है कि प्रशासन ने सत्ता के दबाव में आकर यह कदम उठाया है, जो यह दर्शाता है कि भाजपा सरकार जनता के सवालों से भयभीत है और विरोध की आवाज़ को दबाने का प्रयास कर रही है।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि आज उत्तर प्रदेश में लोकतांत्रिक ढंग से विरोध करना अपराध बना दिया गया है और सरकार से सवाल पूछने वालों को घरों में कैद किया जा रहा है। यह स्थिति संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों का खुला उल्लंघन है।
हाउस अरेस्ट के दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष विवेक उपाध्याय ने कहा कि भाजपा सरकार की यह दमनात्मक कार्रवाई उसकी तानाशाही मानसिकता को उजागर करती है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता संविधान, लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हर कीमत चुकाने को तैयार है।
उन्होंने कहा, “हम न झुकेंगे, न डरेंगे और न रुकेंगे।”
कांग्रेस पार्टी ने जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि लोकतांत्रिक अधिकारों का यह हनन तत्काल बंद नहीं किया गया, तो जनपद से लेकर प्रदेश स्तर तक आंदोलन को और तेज़ किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी भाजपा सरकार और जिला प्रशासन की होगी।










