Visitors have accessed this post 412 times.
हाथरस : जनपद में लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़ा फैसला लिया है। शिक्षा निदेशक (माध्यमिक), उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जनपद के समस्त माध्यमिक विद्यालयों के संचालन समय में परिवर्तन के आदेश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब अगले आदेशों तक सभी माध्यमिक विद्यालय प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक संचालित किए जाएंगे। यह निर्णय अत्यधिक ठंड के कारण छात्रों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया है कि इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन का यह कदम छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों के लिए राहत भरा माना जा रहा है।










