Visitors have accessed this post 13 times.

सिकंदराराऊ (हाथरस)।
हाथरस जिले के सिकंदराराऊ क्षेत्र के ग्राम चमरौली में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 27 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। युवक घर में बिजली से संबंधित कार्य कर रहा था, तभी अचानक तेज करंट लगने से उसकी हालत गंभीर हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम चमरौली निवासी संजीव पुत्र सत्यप्रकाश (27 वर्ष) बुधवार सुबह अपने घर में बिजली की मरम्मत का कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसे जोरदार करंट का झटका लग गया और वह बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह युवक को बिजली के संपर्क से अलग किया। इसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल हाथरस भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
बताया जा रहा है कि मृतक संजीव मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी शादी हो चुकी थी और उसके दो छोटे बच्चे भी हैं। अचानक हुई इस दुखद घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतक की पत्नी, माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और मृतक के घर पर शोक व्यक्त करने के लिए लोगों का तांता लगा हुआ है।