Visitors have accessed this post 23 times.
हाथरस : कल्याणं करोति संस्था मथुरा द्वारा संचालित श्री जी बाबा नेत्र चिकित्सा संस्थान मथुरा और श्याम स्टील लिमिटेड कोलकाता के तत्वावधान में स्थानीय हरि नेत्र चिकित्सालय, हाथरस में एक नि:शुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 151 मरीजों ने पंजीकरण कराकर वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा अपनी आंखों का परीक्षण कराया।
शिविर के दौरान नगर पालिका परिषद हाथरस के निवर्तमान अध्यक्ष पंडित आशीष शर्मा ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, मरीजों का हालचाल जाना तथा उनके तीमारदारों से बातचीत कर चिकित्सा सेवाओं की जानकारी ली। नेत्र परीक्षण के बाद मोतियाबिंद के 21 मरीजों को ऑपरेशन के लिए श्री जी बाबा नेत्र चिकित्सालय, मथुरा रवाना किया गया, जिन्हें पंडित आशीष शर्मा ने स्वयं भेजा।
इस अवसर पर पंडित आशीष शर्मा ने बताया कि वर्ष 1945 में डॉ. हरिवंश लाल द्वारा हरि नेत्र चिकित्सालय की शुरुआत एक किराए के भवन से की गई थी। वर्ष 1952 में देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने अस्पताल की नई इमारत का उद्घाटन किया था, जबकि 1955 में ट्रस्ट बनाकर अस्पताल को निजी से सार्वजनिक कर दिया गया। उस समय इस अस्पताल में अलीगढ़, मथुरा, आगरा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए आते थे।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2003 में किसी कारणवश अस्पताल बंद हो गया था, लेकिन 2018 में उनके प्रयासों से यहां दोबारा नेत्र चिकित्सा शिविरों का आयोजन शुरू हुआ, जो अब प्रत्येक माह की 6 तारीख को नियमित रूप से आयोजित किया जाता है।
कल्याण करोति संस्था के डॉ. अनुभव उपाध्याय ने बताया कि ऐसे शिविर समाज के जरूरतमंद वर्ग के लिए बेहद लाभकारी होते हैं। शिविर में मरीजों को निःशुल्क नेत्र परीक्षण, परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है, जिससे आंखों से जुड़ी समस्याओं का समय रहते समाधान हो सके।
शिविर के सफल आयोजन में डॉ. अनुभव उपाध्याय, सुनील कुमार (कोऑर्डिनेटर), रोहित, विकास, नीरज, विशाल और रामेश्वर दयाल का विशेष योगदान रहा।

INPUT – RAHUL SHARMA











