Visitors have accessed this post 70 times.
हाथरस : पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में पूर्व पालिका अध्यक्ष पंडित आशीष शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठनात्मक प्रशिक्षण को राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण किसी भी संगठन की रीढ़ होता है और जब यह पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के विचारों से जुड़ा हो, तो यह केवल कार्यक्रम नहीं बल्कि देश के विकास का संकल्प बन जाता है।
अपने संबोधन में उन्होंने ‘एकात्म मानववाद’ और ‘अंत्योदय’ के सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाना ही सच्ची राजनीति का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि आज देश निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है और ऐसे समय में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है कि वे सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि योजनाएं तभी सफल होती हैं जब कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ उन्हें धरातल पर लागू कराने में सहयोग करते हैं। एक समर्पित कार्यकर्ता जनता और संगठन के बीच मजबूत सेतु का कार्य करता है।
उन्होंने कहा कि राजनीति हमारे लिए केवल पेशा नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है। ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ के भाव के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास और कल्याण की योजनाएं पहुंचाना ही हमारा लक्ष्य होना चाहिए।
कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य वैचारिक मजबूती प्रदान करना है, ताकि कार्यकर्ता संगठन की नीति और सिद्धांतों को व्यवहार में उतार सकें। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियों और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं।
अंत में उन्होंने कहा कि हमारी एकता और हमारे विचार ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति हैं। ‘चरैवेति चरैवेति’ के मंत्र के साथ निरंतर आगे बढ़ते हुए हम सबको एक समर्थ और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।

INPUN – RAHUL SHARMA











