Visitors have accessed this post 23 times.
हाथरस उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय, हाथरस में भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बाबा साहब के जीवन दर्शन, सामाजिक समानता और शिक्षा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा बाबा साहब के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक महाप्रबंधक रामशरण (आर.एस.) वर्मा ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भारतीय संविधान के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए अपना संपूर्ण जीवन समाज के दलितों, वंचितों और शोषित वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने महिलाओं की शिक्षा और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों को भी ऐतिहासिक बताया और बाबा साहब को “ज्ञान का प्रतीक” बताया।
वरिष्ठ प्रबंधक शतमन्यु जांगिड़ ने कहा कि शिक्षा सामाजिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है और हमें बाबा साहब के विचारों को अपने जीवन में अपनाने का प्रयास करना चाहिए। सेवा निवृत्त प्रबंधक राजीव कुमार आर्य ने बाबा साहब के मूल मंत्र “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” की व्याख्या करते हुए कहा कि उनके बताए मार्ग पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
प्रबंधक गौरव गुप्ता ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि बाबा साहब द्वारा रचित भारतीय संविधान विश्व के लिए एक मार्गदर्शक दस्तावेज है, जिसका अध्ययन अन्य देश भी अपने संविधान में संशोधन के दौरान करते हैं।
गोष्ठी में प्रदीप कुमार वार्ष्णेय, राधाबल्लभ, प्रियांशु जैन, नरेश कुमार, अंकुर तोमर, नीरज उपाध्याय, हरी किशन, मोहित शर्मा, लालाराम मीणा, उमेश गर्ग, राजकुमार गुप्ता, नीलम और गीता सहित अन्य उपस्थित लोगों ने भी बाबा साहब के विचारों को प्रेरणादायक बताते हुए उनके जीवन से जुड़े संस्मरण साझा किए।
कार्यक्रम का सफल संचालन क्षेत्रीय कार्यालय के परिसर एवं उपकरण विभाग के पटल अधिकारी संजीव कुमार विश्नावत द्वारा किया गया। अंत में कार्यालय सहायक उत्कर्ष ने सभी अतिथियों एवं बैंक कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करने और सामाजिक समानता के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

INPUT – AMIT SHARMA











