Visitors have accessed this post 30 times.

हाथरस जिले के मुरसान ब्लॉक क्षेत्र के गांव नगला बिहारी स्थित प्राथमिक विद्यालय से शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां तैनात एक शिक्षामित्र का ड्यूटी के दौरान कुर्सी पर सोते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जहां एक ओर शिक्षामित्र आराम फरमा रहा है, वहीं दूसरी ओर छात्र बिना किसी निगरानी के खेल-कूद में व्यस्त नजर आ रहे हैं। इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि पहले भी पढ़ाई में लापरवाही की शिकायतें मिलती रही हैं। उनका कहना है कि नियमित रूप से कक्षाएं संचालित नहीं हो रही हैं, जिससे बच्चों के भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में शिक्षा व्यवस्था को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अभिभावकों ने संबंधित शिक्षामित्र के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो। इस मामले पर खंड शिक्षा अधिकारी (एबीएसए) गिरिराज सिंह ने कहा कि फिलहाल मामला उनके संज्ञान में नहीं है, लेकिन जैसे ही जानकारी प्राप्त होगी, जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस गंभीर लापरवाही पर क्या कदम उठाता है।

INPUT – VIRENDRA SHARMA