Visitors have accessed this post 13 times.
हाथरस। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव राय ने शनिवार को विभिन्न चिकित्सा इकाइयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्रों की साफ-सफाई, दवा उपलब्धता, ओपीडी व्यवस्था और स्टाफ की उपस्थिति का गहन निरीक्षण किया गया।
सबसे पहले सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाडपुर का निरीक्षण किया। यहां उपस्थिति पंजिका के अनुसार आयुष महिला चिकित्साधिकारी डॉ. रश्मि सेंगर, फार्मासिस्ट सुनील कुमार, स्टाफ नर्स जितेंद्र कुमार यादव सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित मिले। केंद्र की साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई। ओपीडी के संबंध में जानकारी करने पर बताया गया कि शनिवार तक 6 मरीजों की ओपीडी हो चुकी थी, जबकि प्रतिदिन लगभग 45 से 50 मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं।
दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा में फार्मासिस्ट ने बताया कि ईडीएल के अनुसार 195 दवाओं के सापेक्ष 155 प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं। इस पर सीएमओ ने आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। केंद्र पर एआरवी की 4 तथा एएसवी की 5 मात्रा उपलब्ध पाई गईं। इसके अलावा मार्च माह से अब तक 29 डिलीवरी और अप्रैल माह में 5 डिलीवरी कराई जा चुकी हैं। 
इसके बाद सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्तापुर बदन का निरीक्षण किया। यहां उपस्थिति पंजिका के अवलोकन में आयुष चिकित्साधिकारी डॉ. कुनाल वार्ष्णेय प्रारंभ में अनुपस्थित मिले, हालांकि कुछ देर बाद वह केंद्र पर पहुंच गए। फार्मासिस्ट शैलेन्द्र सिंह, स्वीपर संजय कुमार उपस्थित मिले, जबकि सुनीता कुमारी अनुपस्थित पाई गईं।
निरीक्षण के दौरान केंद्र की साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली, जिस पर उपस्थित स्टाफ को सुधार के निर्देश दिए गए। दवाओं की उपलब्धता के बारे में बताया गया कि ईडीएल के अनुसार 163 दवाओं के सापेक्ष 155 प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं। वहीं ओपीडी पंजिका की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई, जिस पर क्षेत्रीय नोडल अधिकारी और प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महौ को अनुश्रवण के निर्देश दिए गए।
सीएमओ डॉ. राजीव राय ने डॉ. कुनाल वार्ष्णेय के विलंब से उपस्थित होने पर प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र पर निर्माण संबंधी आवश्यक कार्य नियमानुसार पूर्ण कराने के निर्देश भी जारी किए गए।









