Visitors have accessed this post 17 times.

हाथरस : सीबीएसई बोर्ड कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित होते ही दून पब्लिक स्कूल में खुशी का माहौल देखने को मिला। विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्कूल और अपने अभिभावकों का नाम रोशन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य जे.के. अग्रवाल के नेतृत्व में इस वर्ष का परीक्षा परिणाम बेहद शानदार रहा। विद्यालय की मेधावी छात्रा कृष्णा शर्मा ने 93.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं माधव सिंह ने 91.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा जपनूर कौर, नंदिनी शर्मा और रिया सिंह ने 89 प्रतिशत अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विषयवार प्रदर्शन की बात करें तो कृष्णा शर्मा ने अंग्रेजी विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की। माधव सिंह और जपनूर कौर ने AI विषय में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वहीं जपनूर कौर ने जीव विज्ञान में 98 अंक, माधव सिंह ने रसायन शास्त्र में 93 अंक तथा नारायण अग्रवाल ने शारीरिक शिक्षा में 94 अंक प्राप्त किए। रिया सिंह ने व्यवसाय अध्ययन में 94 अंक और नंदिनी शर्मा व रिया सिंह ने अर्थशास्त्र में 90 अंक हासिल किए। विद्यालय प्रबंधन ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ 80 प्रतिशत से अधिक अंक पाने वाले सभी छात्रों को सम्मानित किया। इस दौरान विद्यार्थियों को माला पहनाकर, मिठाई खिलाकर और तालियों की गूंज के बीच सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य जे.के. अग्रवाल ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। विद्यालय परिवार ने सभी सफल छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

INPUT – RAHUL SHARMA