Visitors have accessed this post 28 times.
हाथरस। पतंजलि महिला योग समिति हाथरस के तत्वावधान एवं महिला योग समिति हरिद्वार के निर्देशन में साकेत कॉलोनी में आयोजित पांच दिवसीय निःशुल्क योग शिविर का समापन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। शिविर के अंतिम दिन कार्यक्रम का आयोजन सह जिला प्रभारी सरिता माहेश्वरी के आवास पर किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में योग साधक एवं साधिकाओं ने भाग लिया।
शिविर में महिला योग समिति हाथरस की जिला प्रभारी बहन यशवाला शर्मा ने योग, प्राणायाम एवं सूक्ष्म योग अभ्यास कराते हुए योग के माध्यम से विभिन्न बीमारियों के उपचार और संतुलित खान-पान के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नियमित योग को स्वस्थ जीवन की कुंजी बताते हुए सभी को दैनिक जीवन में योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।
समापन कार्यक्रम में योग शिक्षक नरेंद्र बंसल, दिनेश गुप्ता, संतोष लवानियाँ, राजीव गर्ग, सचेद्र कुमार, अरविन्द जी, श्रीकांत गर्ग, पदम वर्मा एवं अनिल शर्मा सहित अनेक योग साधक विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान दिनेश माहेश्वरी एवं सरिता माहेश्वरी ने सभी योग शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं को पटका पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही पांचों दिन नियमित रूप से उपस्थित रहने वाली साधिकाओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया। 
शिविर के अंतिम दिन योग शिक्षिका शिप्रा बंसल, चांदनी शर्मा, मिथलेश वर्मा, मालती गर्ग, कल्पना सेंगर, सरिता रानी गुप्ता, संजू शर्मा, शशि लवानिया, रेनू गर्ग, रश्मि वार्ष्णेय एवं शीला सेंगर सहित कुल 46 योग साधक-साधिकाओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंत में सरिता माहेश्वरी ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया तथा सभी से नियमित योग कक्षाओं में रामेश्वर धाम बगीची पहुंचने की अपील की।









